गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव पलवाड़ा स्थित एलपीजी एजेंसी से कलेक्शन कर मालिक के घर नकदी देने जा रहा वैंडर रजवाहे की पटरी पर घायल अवस्था में मिला। वहीं बाइक में रखे पैसों से भरा बैग गायब होने से एजेंसी स्वामी ने लूट की घटना बताई है।
गांव सिकंदरपुर निवासी सुरेश ने बताया कि वह गांव पलवाड़ा में गैस गोदाम का संचालन करता है। जिसमें ढोलपुर निवासी विनीत करीब डेढ़ साल से वैंडर का कार्य करता है। शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे वह एजेंसी से 1.48 लाख रुपये की नकदी लेकर बाइक पर सवार होकर घर देने के लिए निकला था। सूचना मिली की विनीत सालारपुर में रजवाहे की पटरी पर चितौड़ा के जंगल में घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचे एजेंसी स्वामी ने देखा कि विनीत गंभीर रुप से घायल था और उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त है। वहीं बाइक में रखे 1.48 लाख रुपये की नकदी भी गायब थी। चिकित्सकों ने घायल को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया। एजेंसी स्वामी का कहना है कि विनीत के साथ लूट हुई है। वहीं पुलिस सड़क हादसा होना बता रही है।सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि फिलहाल जिसके साथ घटना हुई है, वह गंभीर रुप से घायल हुई है। होश आने पर घटना की सही जानकारी हो सकेगी। उसके बावजूद भी बहादुरगढ़ पुलिस द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरु कर दी है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।