धौलाना। गांव सिवाया में बुखार से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों ने डेंगू से मौत होने का दावा किया है। सिवाया निवासी 25 वर्षीय सनव्वर उर्फ चाहत को पिछले कुछ दिनों से बुखार था। परिजनों ने बताया कि अस्पताल में जांच के दौरान डेंगू और मलेरिया की पुष्टि हुई। पहले उसे गांव के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन आराम नहीं मिला। हालत बिगड़ने पर सनव्वर को पिलखुवा के अस्पताल में भर्ती करा दिया। बुधवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि बेटे की डेंगू बुखार के चलते मौत हुई है। गांव में बड़ी संख्या में बुखार के मरीज हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ.रोहित मनोहर ने बताया कि युवक का इलाज किसी निजी अस्पताल में चल रहा था। युवक की मौत का मामला प्रकाश में आया। आवश्यक जांच की जा रही है।