गढ़मुक्तेश्वर। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव वहापुर ठेरा निवासी विजेंद्र का बेटा राहुल (28 वर्ष) रविवार को किसी काम से बुलंदशहर गया था। जहां से वह देर शाम बाइक से गांव वापस लौट रहा था। वापस लौटने के दौरान स्याना रोड पर लखावटी कॉलेज के सामने अज्ञात वाहन ने राहुल की बाइक में टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसके परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया कि राहुल अविवाहित था। पिता और बड़े भाई की मृत्यु के बाद वही परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। कुछ ही समय पहले राहुल की नौकरी नोएडा की एक निजी कंपनी में लगी थी।