संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। हापुड़ दिल्ली रेलवे लाइन पर स्थित फाटक संख्या-74 पर अंडरपास निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। रविवार को रेलवे लाइन के नीचे बॉक्स रखें जाएंगे। इसके लिए लाइन पर सात घंटे का पावर ब्लॉक रहेगा, जिससे ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर रुककर चलने काशी विश्वनाथ, अवध असम एक्सप्रेस सहित पांच ट्रेनें घंटों की देरी से चलेंगी।
पिछले काफी दिनों से रेलवे लाइन पर मरम्मत कार्य के चलते ट्रेनों का संचालन सुधर नहीं पा रहा है। ऐसे में यात्रियों को ट्रेनों की लेटलतीफी से परेशान होना पड़ रहा है। रविवार को मेरठ रोड स्थित फाटक संख्या-74 पर अंडरपास निर्माण के चलते सुबह 10.10 बजे से शाम 5 बजे तक ब्लॉक रहेगा।
इससे अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस अमृतसर से पांच घंटे 20 मिनट देरी से चलेगी। नई दिल्ली से बरेली के बीच चलने वाली कांशी विश्वनाथ एक्सप्रेस नई दिल्ली से साढ़े चार घंटे की देरी से चलेगी। आनंद विहार-मुजफ्फरपुर सप्तक्रांति एक्सप्रेस आनंद विहार से दो घंटे 20 मिनट देरी से चलेगी।
इसके अलावा भुज से चलकर बरेली को जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस डेढ़ घंटा व डिबरूगढ़ से लालगढ़ जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से चलेगी और हापुड़ रेलवे स्टेशन पर भी देरी से पहुंचेगी। ऐसे में यात्री ट्रेनों की स्थिति जानने के बाद घर से स्टेशन के लिए निकले, नहीं तो घंटों तक ट्रेन के इंतजार में बेहाल होना पड़ सकता है।
स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह ने कहा कि रविवार को अंडरपास निर्माण पर रेलवे लाइन के नीचे बॉक्स रखें जाने का कार्य होगा। इसके लिए ब्लॉक लिया गया है, जिससे ट्रेनों का संचालन देरी से होगा।