हापुड़। कुचेसर रोड चौपला स्थित भाकियू कार्यकर्ता अजय मसंद के होटल को सील करने के विरोध में बुधवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने एचपीडीए कार्यालय का घेराव किया। करीब तीन घंटे तक जोरदार हंगामा किया, प्राधिकरण के अधिकारियों ने 30 मार्च तक राहत का आश्वासन देकर, कार्यकर्ताओं को शांत किया।
भाकियू युवा जिलाध्यक्ष ज्ञानेश्वर त्यागी ने कहा कि कार्यकर्ता अजय मसंद के होटल संबंधी तमाम दस्तावेज उपलब्ध हैं। लेकिन प्राधिकरण के अधिकारियों ने उसके होटल पर सील लगा दी। ऐसे में कार्यकर्ता और उसका परिवार अवसाद में आ गया। इस तरह की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगा।
भाकियू कार्यकर्ता ततारपुर बाईपास पर एकत्र हुए, वहां से गाड़ी और ट्रैक्टरों के काफिले के साथ शहर के अंदर से होते हुए एचपीडीए तक पहुंचे। इस दौरान पुलिस को भी यातायात सुचारू रखने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने प्राधिकरण के गेट पर धरना जमा दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि होटल संबंधी फाइल प्राधिकरण के पास जमा है, फिर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई जो न्याय संगत नहीं है।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन कार्यकर्ता सील खोलने की मांग पर अड़ गए, राहत नहीं मिलने पर कार्यकर्ताओं ने तालाबंदी की चेतावनी दी। इस दौरान प्राधिकरण के अधिकारियों ने 30 मार्च तक समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिस पर कार्यकर्ता शांत हुए।
धरना प्रदर्शन करने वालों में जितेंद्र सिंह, संदीप चौधरी, ललित शर्मा, मनवीर सिंह, सुखपाल सिंह, आदेश चौधरी, मुकेश त्यागी, धर्मवीर त्यागी, विपिन त्यागी, विकास, संजय कुमार, राजीव शर्मा, जाकिर, राजपाल सिंह, तनिष, पपेंद्र सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, राहुल यादव, रवि यादव, मुकुल, अरुण चौधरी मौजूद रहे।