गढ़मुक्तेश्वर। सोमवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने एसडीओ कार्यालय का घेराव करते हुए विजिलेंस टीम की सद्बुद्धि के लिए हवन किया।
भाकियू टिकैत के सैकड़ों कार्यकर्ता सोमवार को मंडल के मुख्य महासचिव दिनेश त्यागी और युवा मंडल अध्यक्ष जीते चौहान के नेतृत्व में तहसील पर एकत्र हुए। जिन्होंने किसानों से जुड़ीं समस्याओं का निस्तारण न होने के साथ ही बिजली चोरी की धरपकड़ की आड़ में विजिलेंस टीम द्वारा की जा रही मनमानी के विरोध में हंगामा किया। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं की भीड़ एसडीओ दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गई, जहां हवन का आयोजन करते हुए उसमें आहुति देकर विजिलेंस टीम की सद्बुद्धि की कामना की गई। धरना स्थल पर हुई पंचायत की अध्यक्षता डॉ.नेमपाल सिंह और संचालन सेवाराम चौहान ने किया। जिन्होंने किसानों से जुड़ीं समस्याओं का निराकरण और भ्रष्टाचार पर अंकुश न लगने की दशा में तेरहवें दिन संबंधित विभागों की परंपरागत ढंग में अरिष्टि करने की चेतावनी दी। इस दौरान मयंक चौहान, विकल गुर्जर, नितिन चौहान, रिजवान कुरैशी, शकील, रविंद्र, धीरज, संसार सिंह समेत काफी कार्यकर्ता मौजूद रहे।