गढ़मुक्तेश्वर। नगर के एक मोहल्ले में बच्चों के विवाद में जेठानी ने अपनी गर्भवती देवरानी को पीट दिया। जिससे महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर की इंद्रा कॉलोनी निवासी सोफिया के पति सलमान ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 9 जनवरी में बच्चों में विवाद हो गया। इस दौरान जेठानी घर में घुस आई और अभद्र व्यवहार किया और मारपीट करने लगी। जिसके बाद धक्का देकर वहां से चली गई। थोड़ी देर बाद गर्भवती सोफिया के दर्द होने लगा, तो परिजन नगर के स्थानीय अस्पताल में ले गए, जहां पर भर्ती कराया। प्रसव के दौरान जिस बेटे ने जन्म दिया, जो मृत अवस्था में पाया गया। पीड़िता ने बताया कि दो परिवारों के बीच हुए मामले को लेकर बिना किसी कार्रवाई के समझौता कर लिया। पीड़िता ने बताया कि 29 अप्रैल में फिर आरोपी महिला घर में घुस आई और अभद्रता करते हुए पिटाई करने लगी। इस दौरान जेठ ने उसके पति को भी पीटा और वहां से जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पीड़िता के पति सलमान अहमद ने बताया कि नगर के एक अस्पताल में वर्तमान में भी उपचार चल रहा है। इस संबंध में पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इंस्पेक्टर सोमवीर सिंह का कहना है कि संबंधित मामले में जांच कराई जा रही है, सच्चाई सामने आने पर आरोपी पाए जाने वाले के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।