हापुड़। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव सादिकपुर में बरात में आई महिलाओं की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। इस दौरान कार में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
गाजियाबाद के थाना मुरादनगर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 11 जून की रात उसके भाई की बरात गांव सादिकपुर में आई थी। चढ़त के बाद वह परिवार की कुछ महिलाओं के साथ कार से वापस लौट रहा था। गांव के बाहर रास्ते में कार व ऑटो खड़ा कर कुछ युवक तेज आवाज में गाने बजाकर नाच रहे थे। रास्ता न होने पर कार रुक गई। कार हटाने पर आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए अभद्रता शुरू कर दी। आरोपियों ने महिलाओं से छेड़छाड़ करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान वह, उसकी बुआ व परिवार की अन्य महिलाएं घायल हो गई। आरोपियों ने कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। थाना हाफिजपुर प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मामले में शिवम, विष्णु, आकाश, आकाश पुत्र कैलाश, राकेश मिस्त्री, चिन्नी, नमन व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।