संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। शासन से नगर पंचायत बाबूगढ़ के बजट में कटौती किए जाने से नगर पंचायत में तैनात संविदा व नियमित कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। ऐसे में उन्हें आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष ने भी शासन को पत्र लिखकर बजट बढ़ाने की मांग की है।
नगर पंचायत बाबूगढ़ में दस वार्ड है। वार्डों की व्यवस्था देखने के लिए नगर पंचायत कार्यालय में 13 नियमित, आठ संविदा व 10 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की तैनाती की गई है। साल 2021 से शासन से नगर पंचायत को मिलने वाले राज्य वित्त के 15 लाख रुपये के बजट को कम कर आठ लाख रुपये कर दिया। जिससे राज्य वित्त के अधीन आने वाले पेंशन धारकों, वेतन व उनका बकाया वेतन पर प्रभाव पड़ गया।
बजट की कटौती होने के बाद से ही कर्मचारियों को समय से वेतन नहीं मिल पा रहा है। जिससे कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिल सका है और नगर पंचायत पर उनका दस माह का वेतन 1.74 करोड़ रुपये बकाया है। इस संबंध में कर्मचारी अनेक बार नगर पालिका अध्यक्ष सुधा देवी सहित जिला प्रशासन से भी वेतन दिए जाने की मांग उठा चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी कोई राहत नहीं मिल पा रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा देवी का कहना है कि बजट बढ़ाने और कर्मचारियों का बकाया वेतन दिलाने के लिए शासन को पत्र लिखा गया है।