सिंभावली। गांव मुरादपुर के प्रधान फराहिम ने तहरीर देते हुए बताया कि 16 अक्तूबर की दोपहर वह ब्लॉक परिसर में ग्राम पंचायत सचिव से मिलने के लिए गया था। जहां गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव नेकनामपुर फुलड़ी निवासी एतकाद मौजूद था। एतकाद ने करीब एक साल पहले निजी जरूरत के लिए उससे 40 हजार रुपये छह माह के लिए उधार लिए थे। लेकिन आरोपी ने उसे पैसे नहीं लौटाए। ब्लॉक परिसर में उसने आरोपी से पैसे लौटने का तकादा किया, जिससे गुस्साए आरोपी ने अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपी ने अपने साथी दिलशाद निवासी फुलड़ी, शूफियान और रहीस निवासी गांव वैठ के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। सीओ वरूण मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 316, 109, 115(2), 352, 351(2), 351(3) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।