पिलखुवा। रिलायंस रोड पक एक कंपनी के प्रबंधक की कार पर नकाबपोश युवकों ने हमला कर दिया। जिसमें कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित ने तीन को नामजद करते चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गाजियाबाद के लालकुआं शंकर बिहार निवासी रंजीत सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह रिलायंस रोड स्थित अपोलो सप्लाई चेन प्राइवेट कंपनी में प्रबंधक है। गत 27 जुलाई की रात वह कार द्वारा कंपनी से घर जा रहा था। रास्ते में तीन-चार नकाबपोश हमलावरों ने उसकी कार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिसमें उसके साथ कार में बैठे रवि, योगेश और चंद्रवीर घायल हो गए, साथ ही कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। एसएचओ नीरज कुमार का कहना है कि रंजीत सिंह की तहरीर पर शक के आधार पर गुरूचरन, अभिषेक, दीपक समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच रही है, साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।