गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के गांव दौताई में विवाद के दौरान छोटे भाई को बचाने पर भड़के युवक ने अपने इंजीनियर भाई पर छुरे से कई वार कर दिए, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार स्वर्गीय किसान जराफत का इंजीनियर बेटा इमरान नोएडा से घर आया हुआ था। उसने देखा कि उसके दोनों छोटे भाई आपस में लड़ रहे हैं। एक भाई दूसरे की पिटाई कर रहा था, जिसे देखकर इमरान उसे बचाने पहुंच गया। इससे गुस्सा होकर पिटाई करने वाले भाई ने इमरान पर चाकू से हमला कर दिया। इमरान की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर आ गए, जिन्हें देख आरोपी भाग गया। परिजन घायल इमरान को गढ़ चौपला के निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन गंभीर हालत देख चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि इमरान पर जानलेवा हमला करने के मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। इसके बावजूद भी पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच की है। घायल के परिजनों से पूछताछ की जा रही है।