हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के गांव सरावा में बाइक से घर लौट रहे युवक पर धारदार हथियारोंं से हमला कर दिया। जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव सरावा के मोनू ने बताया कि गाजियाबाद की एक कंपनी में आर्किटेक्ट इंजीनियर है। नौ अगस्त को कंपनी से ड्यूटी कर वह ट्रेन से पिलखुवा स्टेशन पर पहुंचा और यहां से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। नंगौला बंबा चौराहा पर पहुंचने के बाद उसे गांव सरावा के धीरज, उसकी बुआ के पुत्र व जिला गाजियाबाद के मोदीनगर के गांव मऊ धाम निवासी आकाश खड़े मिले। इन लोगों ने उसे जबरन रोक लिया और अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी डंडों से उसे पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने धारदार सर्जिकल ब्लेड से गर्दन पर वार कर उसकी हत्या का प्रयास किया। हाथ की नस भी काट दी गई, जिससे वह बेहोश हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने बताया कि नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।