हापुड़। गर्मी में घर के बाहर चारपाई पर सो रहे व्यक्ति से गांव के ही कुछ लोगों ने अभद्रता कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने व्यक्ति पर हमला बोल दिया। शोर सुनकर बचाने आए परिजनों को भी पीटा गया। मामले में पीडि़त पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आदर्श नगर कालोनी निवासी रिंकू ने बताया कि सोमवार रात उसके पिता हरिराम घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। इस दौरान पड़ोसी दीपू, नवीन, प्रवीन, दीपांशु, ईश्वर, राजू, हरिओम व रजनी और पांच अज्ञात लोग लाठी-डंडों व धारदार हथियार से लैस होकर वहां पहुंचे। इन लोगों ने गली में चारपाई बिछाने का विरोध करते हुए अभद्रता शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर गुस्साए आरोपियों ने उसके पिता पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे उसके भाई सोनू और प्रदीप को भी आरोपियों ने पीटा। जिसके बाद आरोपी हत्या की धमकी देकर फरार हो गए। सभी घायलों को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया।
सीओ अशोक कुमार सिसोदिया ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।