एसपी से रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
हापुड़ एसपी अभिषेक वर्मा से रंगदारी मांगने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बरेली निवासी रोहित सक्सेना ने 28 फरवरी को एसपी हापुड़ के घर टेलीफोन ड्यूटी पर कॉल की। पुलिसकर्मी से अभद्रता करते हुए एसपी के लिए जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया है। उसके बाद फेसबुक पर महिला उपनिरीक्षक के साथ चित्र वायरल कर दिया है।
रंगदारी नहीं देने पर परिवार को जलाकर मारने की धमकी दी गई। एसपी आवास पर तैनात एक हेड कांस्टेबल अनुज कुमार की शिकायत पर पुलिस मुकदमा दर्ज करके जांच करने में जुट गई है। इसके अतिरिक्त उसके द्वारा सरकारी सीयूजी नंबर पर भी कॉल कर रंगदारी मांगी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रोहित सक्सेना सनकी मानसिकता का व्यक्ति है। वह बरेली, मुरादाबाद और रामपुर से जेल जा चुका है। उससे पूछताछ की जा रही है।