गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव अठसैनी से एक साल दो माह से लापता युवक के पिता ने उसके अपहरण और धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने सीओ को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव अठसैनी निवासी मदन पाल ने सोमवार को सीओ को शिकायती पत्र दिया है। जिसने बताया कि 19 फरवरी 2022 को उसका बेटा प्रदीप कुमार संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया था। उसने बेटे की गुमशुदगी के संबंध में कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उसे प्रदीप की फोटो दिखाई, जिसमें युवक ने जुनैद के नाम से आईडी बनाई हुई है। पीड़ित ने बताया कि बेटे को पहचानने के बाद उससे संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। मदन ने संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे का अपहरण करने वालों ने बहकाकर और लालच देकर उसका धर्म परिवर्तन कराते हुए नाम भी बदल दिया है। जो उसके बेटे को गलत गतिविधियों में भी लिप्त कर सकते हैं।
सीओ स्तुति सिंह का कहना है शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। कोतवाली पुलिस को भी युवक को जल्द से जल्द बरामद करने का निर्देश दिया गया है।