हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नवीकरीम में विधिक राय दे रहे अधिवक्ता को कुछ लोगों ने घर में घुसकर पीट दिया। आरोपियों ने जान से मारने की नियत से अधिवक्ता के गले में अंगोछे से फंदा भी लगाया। अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला सीतागंज निवासी अधिवक्ता अंकित अग्रवाल ने बताया कि वह नौ जून को दोपहर करीब एक बजे अपने परिचित मोहम्मद चांद निवासी मोहल्ला नवीकरीम के निवास पर संपत्ति के संबंध में विधिक राय दे रहा था। इसी बीच वीनू गोपाल निवासी मोहल्ला ब्रह्मनान, विवेक शर्मा निवासी मोहल्ला शक्तिनगर, विकास त्यागी उर्फ विक्की त्यागी निवासी मोहल्ला देवलोक कॉलोनी व इरशत हुसैन उर्फ शोभित शर्मा निवासी डेरा बंदा नवाज उसके घर में घुस आए और उसे जमकर पीटा। इतना ही नहीं आरोपी वीनू गोपाल ने जान से मारने की नियत से गले में अंगोछे का फंदा भी लगा दिया।
उसने बताया कि आरोपी वीनू गोपाल आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति है। इस पर हरिद्वार के थाना ज्वालापुर में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है। आरोपी इशरत हुसैन उर्फ शोभित शर्मा के खिलाफ उसकी बहन ने धर्म परिवर्तन के संबंध में गाजियाबाद में शिकायत की थी। आरोपी उस पर शिकायत को वापस लेने का दबाव बनाकर उसे जान से मारने की धमकी देता रहता है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।