संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। पहली ओपेन मेरिट के प्रवेश सोमवार से शुरू होंगे। इसके लिए कॉलेजों में एडमिशन कमेटियां बढ़ा दी गई हैं। साथ ही अतिरिक्त काउंटर भी लगाए गए हैं। दो दिन तक इस मेरिट में चयनित छात्रों के प्रवेश होंगे। एडेड कॉलेजों की सीटों पर मारामारी तय है, क्योंकि इन सीटों के सापेक्ष पांच गुना छात्रों ने ऑफर लेटर जमा कराए हैं।
सीसीएसयू ने शुरुआती दो मेरिट जारी कर, छात्रों को स्नातक में प्रवेश का मौका दिया था। हर साल की तरह दो मेरिट के बाद ओपेन मेरिट जारी की गई। इसमें शामिल छात्रों को तीन दिन तक ऑफर लेटर जमा कराने का समय दिया गया था।
जिनके आधार पर शनिवार को वरियता सूची तैयार की गई और इसे दोपहर बाद कॉलेजों में चस्पा कर दिया गया। सीसीएसयू ने 29 अगस्त तक प्रवेश का समय रखा है। ऐसे में सोमवार को एडेड कॉलेजों की बची सीटों पर प्रवेश को लेकर मारामारी मचना तय है। छात्रों को समय से प्रवेश मिल सके, इसके लिए कॉलेजों में अतिरिक्त एडमिशन कमेटियां बना दी गई हैं।
साथ ही हर कॉलेज में अतिरिक्त प्रवेश काउंटर भी बनाए हैं। सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में प्रोफेशनल कोर्सों में प्रवेश के लिए अधिक मारामारी रहने की उम्मीद है।
एसएसवी पीजी कॉलेज में बची सीटों की स्थिति
कक्षा बची सीटें
बीए 154
बीकॉम 76
बीएससी गणित 37
बीएससी बॉयो 12