पिलखुवा। टोल शुल्क मांगने पर प्लाजा कर्मी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। हालांकि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा थाने पर तहरीर नहीं दी गई है। पिलखुवा निवासी एक व्यक्ति पत्नी और बच्चों के साथ कार द्वारा रविवार की देररात गाजियाबाद की ओर से छिजारसी टोल प्लाजा पर पहुंचा। कार पर लगे फास्ट टैग में पर्याप्त रुपये नहीं होने के कारण वहां पर मौजूद कर्मी ने शुल्क जमा कराने को कहा, जिसे लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी बात को कार चालक ने फोन कर परिचित युवकों को टोल पर बुला लिया। आरोप है कि कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी संदीप कुमार और टोल प्रबंधक ने मौके पर पहुंच दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
टोल प्रबंधक सुधीर कुमार का कहना है कि शुल्क मांगने पर कार सवार ने फोन कर युवकों को प्लाजा पर बुला लिया, जिसके उपरांत उनके द्वारा कर्मी से मारपीट की गई। हालांकि बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला शांत कराया दिया।
सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि अब तक इस बाबत किसी भी पक्ष द्वारा थाने पर तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।