गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव खिलवाई में एक व्यक्ति के घर से 60 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही व्यक्ति पर चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव खिलवाई निवासी महावीर सिंह ने बताया कि वह अपने घर में अकेले रहते हैं। प्रतिदिन दोपहर में खाना खाने के लिए गढ़ जाते हैं। आरोप है कि करीब सात दिन पहले उनके घर से 60 हजार रुपये चोरी हो गए। पीड़ित ने बताया कि 30 अक्तूबर को दिन में हुई चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में गांव निवासी शिवा दिखाई देने का दावा किया गया है। पीड़ित महावीर ने शिवा पर चोरी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सीओ राहुल यादव का कहना है कि कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर शिवा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।