रेलवे रोड पर गाड़ी से अजगर निकालती वन विभाग की टीम। स्रोत: विभाग
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे रोड पर खड़ी एक कार के निचले हिस्से में टायर के पास चालक को एक अजगर दिखाई दिया। इससे चालक व आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ सकी। उसे जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया है। मंगलवार की दोपहर रेलवे रोड पर एक युवक ने अपनी कार में नीचे अजगर को देखकर आसपास के लोगों को सूचना दी। जिसके बाद कार के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम के कर्मचारी भारत और नितेश कुमार ने अजगर को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू टीम के भारत ने बताया कि अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया है।