हापुड़। निबंधन विभाग की योजना परवान चढ़ी तो अब शादी का रजिस्ट्रेशन आप घर बैठे करा सकेंगे। बता दें कि निबंधन विभाग में ऑनलाइन सुविधा होने के बावजूद अब तक केवल शादी का रजिस्ट्रेशन ही कागजों के सहारे हो रहा है। इसके चलते लगातार फर्जीवाड़े का मामला सामने आ रहा है। अब शासन ने इस पवित्र बंधन को दलालों से मुक्त कराने के लिए शादी का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन करने में जुट गया है। इस प्रक्रिया को हाईकोर्ट पहले ही ऑनलाइन करने का आदेश दे रखा है। इसके बाद शासन ने इस प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाने की अंदरखाने तैयारी शुरू कर दी है। सब रजिस्ट्रार प्रथम के शुक्ला का कहना है कि शासन स्तर से शादी के रजिस्ट्रेशन को आनलाइन करने की कवायद चल रही है। जल्द ही इस संबंध में महत्वपूर्ण आदेश मिलने की संभावना है। विभाग के उच्चाधिकारी भी इस प्रक्रिया को लेकर शासन के संपर्क में हैं।