हापुड़। कोतवाली क्षेत्र में तहसील चौपला पर मऊ के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की जेब शातिर ने 30 हजार रुपये उड़ा दिए। उस समय वे मेरठ जाने के लिए रोडवेज बस में चढ़ रहे थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मूलरूप से मेरठ के शास्त्री नगर निवासी राजीव गोयल मऊ में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश हैं। वे मऊ से सरयू यमुना एक्सप्रेस से शनिवार सुबह हापुड़ स्टेशन उतरे। यहां से सोहराब गेट डिपो की बस में चढ़ते समय किसी ने उनकी जेब काट ली। जेब में 30 हजार रुपये थे। सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस न्यायाधीश को कोतवाली ले आई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह यादव का कहना है कि जेबकतरों की तलाश शुरू कर दी गई है।