गढ़मुक्तेश्वर (ब्यूरो)। गढ़ खादर के गांव कोथला के एक फार्म हाउस पर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर लूटपाट की। बदमाशों ने फार्म मालिक और उनके परिवार के सदस्यों को रस्सी से बांध कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाश चार मवेशियों को मैजिक में लादकर निकल भागे। फर्म में लूटपाट से हड़कंप मच गया। पुलिस ने चेकिंग लगा मैजिक की तलाश शुरू की तो बदमाश तीन भैंसों को झील के पास छोड़ गए। एक बकरा वह साथ ले गए। गांव कोथला में सरदार कश्मीर सिंह के फार्म हाउस पर मंगलवार की रात 6 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला। बदमाशों ने फार्म हाउस के मालिक कश्मीर सिंह और उनके परिवार के दिलबाग सिंह, लाभ सिंह को गन प्वाइंट पर कब्जे में ले लिया। हाथ पैर रस्सी से बांध दिए और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। बदमाशों ने फार्म हाउस में लूटपाट शुरू कर दी। बदमाश वहां बंधे चार मवेशियों को मैजिक में लादकर भाग निकले। आधे घंटे बाद कमरे में बंधक पड़े लोगों ने अपने को मुक्त किया और फोन कर घटना की सूचना आसपास के लोगों को दी। खबर मिलते ही पुलिस मैजिक का पीछा करने में जुट गई।