हापुड़। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, मोहर्रम आदि त्योहारों को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने में जुट गई है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस और पीएसी के जवान लगाए गए हैं। वहीं, बाजारों में भी महिला पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। कप्तान अब्दुल हमीद ने सभी सीओ और थाना प्रभारियों को निर्देशित कर दिया है कि वह अपने अपने क्षेत्र में सुरक्षा के प्रबंध कड़े कर दें। साथ ही अफवाह फैलाने वालों और शांति व्यवस्था खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जानकारी के मुताबिक बाजारों में भीड़ अधिक होने के कारण चार महिला उपनिरीक्षकों के नेतृत्व में महिला पुलिस टीम गश्त पर रहेगी। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी बाजारों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में तैनात कर दिए गए हैं। कप्तान ने मोबाइल, लेपर्ड और क्यूआरटी मोबाइल पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया है कि छोटी से छोटी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचा जाए और लगातार गश्त पर रहें। अफवाह किसी भी हाल में न फैले। उन्होंने हापुड़ शहर में जदीद पुलिस चौकी, गढ़ गेट पुलिस चौकी, मेरठ गेट पुलिस चौकी और रेलवे रोड पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस लाइन/ थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल रिजर्व में रखा गया है। अग्निशमन विभाग के फायर टैंकर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए लगाए गए हैं।
महत्वपूर्ण फोन नंबर
पुलिस कंट्रोल रूम-100, 01222308101
एसपी कार्यालय-01222315627, 01222315628