हापुड़ (ब्यूरो)। नगर की यातायात व्यवस्था मंगलवार को एकबार फिर ध्वस्त हो गई। सुबह के समय नगर के अति व्यस्त मेरठ तिराहे से लेकर रामलीला ग्राउंड तक लगे जाम से वाहनों में बैठे यात्री बिलबिला उठे। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सुचारु किया। तहसील चौपला से लेकर आर्यसमाज मंदिर तक भी जाम लगे रहने से नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मंगलवार सुबह करीब 11:45 बजे मेरठ तिराहे पर एकाएक जाम की स्थिति हो गई। वहां मौजूद ट्रैफिक कर्मियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन थोड़ी ही देर में वाहनों की कतार लंबी हो गई। जाम लगा देख यातायात पुलिसकर्मियों ने तत्काल चौराहे पर खड़े होकर व्यवस्था को संभाला।जाम खुलने पर वाहन सवार यात्रियों ने काफी राहत महसूस की। तहसील चौपला पर भी यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सीओ यातायात अभिषेक यादव का कहना है कि अचानक मंगलवार को वाहनों का दबाव बढ़ गया था ।