सड़क हादसों में अध्यापक समेत सात घायल, एक मेरठ रेफर
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाइवे समेत अलग-अलग रास्तों पर हुए हादसों में बरेली के अध्यापक समेत सात लोग घायल हो गए, जिनमें एक को मेरठ रेफर किया गया है।
गंगा खादर क्षेत्र के क्रय केंद्र से सोमवार की रात करीब आठ बजे एक ट्रक सिंभावली शुगर मिल को गन्ना लादकर ले जा रहा था। गांव बदरखा के सामने नेशनल हाइवे का अधिकृत कट बंद होने से चालक ने ट्रक को कृषि मंडी से थोड़ी दूरी पर बने कट से निकालकर रांग साइड में आगे बढ़ाया तो इसी दौरान पीछे से आ रही कार में साइड लग गई। इस हादसे में इज्जतनगर बरेली के निजी स्कूल के अध्यापक देवेंद्र सिंह, उसका भतीजा नवीन और चालक इसरार घायल हो गए, जो पिलखुवा के अस्पताल में भर्ती बीमार रिश्तेदार का हालचाल लेने जा रहे थे। दूसरी घटना सोमवार की रात में करीब साढ़े सात बजे ब्रजघाट से पलवाड़ा जाने वाले रास्ते पर हुई, जहां बलवापुर से लौटने के दौरान सड़क पार कर रहे सांड़ से बचने की कोशिश में बाइक फिसलने से लेखराज गढ़ और उसका साथी आकाश ब्रजघाट घायल हो गया। तीसरी घटना मंगलवार की सुबह करीब सात बजे गढ़-स्याना रोड पर गांव सदरपुर के पास हुई, जहां दूध के टैंकर की साइड लगने से बाइक पर जा रहा निखिल और उसका दोस्त विनीत निवासी बुलंदशहर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया, जहां हालत बिगड़ती देख चिकित्सक ने विनीत को मेरठ रेफर कर दिया।