पिलखुवा। सोमवार को पिलखुवा में साप्ताहिक बंदी के दिन श्रम विभाग ने अभियान चलाया। इस दौरान 57 दुकान एवं प्रतिष्ठान खुले मिले। विभाग ने ऐसे दुकानदारों को नोटिस भेजकर जुर्माना वसूलने की तैयारी शुरू कर दी है।
पिलखुवा शहर में सोमवार को बाजार बंद रहते हैं। लेकिन इसके बावजूद नगर स्थित अधिकांश दुकान एवं प्रतिष्ठान खुले रहते है। डीएम प्रेरणा शर्मा ने पिछले दिनों साप्ताहिक बंदी का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए थे। जिलाधिकारी के आदेशों का पालन कराने के लिए सोमवार को श्रम निरीक्षक विजय कुमार सोनकर के नेतृत्व में टीम पिलखुवा पहुंची। शहर के रेलवे रोड, जवाहर बाजार, गांधी बाजार, बजाजा बाजार की अधिकांश दुकानें खुली हुई थी। श्रम विभाग के अधिकारियों की टीम ने दुकानों का वीडियो बनाना शुरू किया तो व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर ली। टीम ने कुछ दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ा। श्रम निरीक्षक विजय कुमार सोनकर ने बताया कि साप्ताहिक बंद वाले दिन किसी भी कीमत पर दुकानों को नहीं खुलने दिया जाएगा। पिलखुवा में सोमवार को साप्ताहिक बंदी रहती है। इसके बाद भी दुकान खुली थी। उन्होंने बताया कि 57 से अधिक दुकानों का वीडियो बनाया गया है। जिनसे नोटिस देकर जुर्माना वसूला जाएगा। कुछ को चेतावनी देकर भी छोड़ा गया है।