हापुड़। झमाझम बरसात से रविवार शाम को दिल्ली रोड पर 33केवी के केबल बॉक्स में फाल्ट हो गया। इससे दिल्ली रोड बिजलीघर के सात फीडर रातभर बंद पड़े रहे। आधे शहर के 53 मोहल्लों में आपूर्ति तड़के तीन बजे तक चालू हो सकी। इसके अलावा अन्य बिजलीघरों की आपूर्ति भी आती जाती रही। देहात में बिजली का संकट रहा।
दिल्ली रोड बिजलीघर से आधे शहर को आपूर्ति मिलती है लेकिन, इसके घटिया गुणवत्ता के केबल बॉक्स आए दिन फुंक जाते हैं। रविवार को दिनभर झमाझम बारिश हुई। इससे शाम को केबल बॉक्स फुंक गया। लाइन की पेट्रोलिंग में फाल्ट तलाशा गया। चार घंटे तक कड़ी मशक्कत कर केबल बॉक्स को ठीक किया गया।
विज्ञापन
जैसे ही बिजलीघर का लोड पड़ा रात 11 बजे फिर से केबल बॉक्स फुंक गया। ऐसे में आधा शहर अंधेरे में डूब गया। उमस और गर्मी से लोग बेहाल हो उठे। अतरपुरा, पटना मुरादपुर, रामपुर रोड बिजलीघर से जुड़े इलाकों में भी रात में आपूरति प्रभावित रही। उधर, देहात अंचल के अधिकांश बिजलीघर रात में ठप पड़े रहे। सोमवार को भी भयंकर उमस के कारण ट्रिपिंग जारी रही। लोगों को गर्मी से परेशान होना पड़ा।
-अधिकारियों ने बंद किए फोन-
बिजली गुल होने से शहर में हाहाकार मच गया। लेकिन अधिकारियों और अवर अभियंताओं ने अपने नंबर ही बंद कर लिए। ऐसे में उपेभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों की अनदेखी से लोगों में रोष व्याप्त है।
केबल बॉक्स में फाल्ट के कारण बिजलीघर बंद रहा था। रात में ही फाल्ट को ठीक करा दिया गया। प्रभावित इलाकों की सप्लाई भी चालू करा दी गई है। बारिश के कारण फाल्ट हुआ था।मनोज कुमार, अधिशासी अभियंता।