हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के अस्पताल में अपने पति का उपचार करा रही महिला के साथ बिजली बिल जमा करने के नाम पर साइबर ठगों ने 49 हजार रुपये ठग लिए। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता कविता सिंह निवासी ट्यूलिप वायलेट सेक्टर 69 गुरुग्राम ने बताया है कि उसके पति की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें हापुड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 10 अगस्त 2022 को मोबाइल पर संदेश मिला कि लंबित बिलों का भुगतान न करने पर उनके विनय मार्ग चाणक्यपुरी नई दिल्ली स्थित घर की बिजली काट दी जाएगी। कनेक्शन कटने से घबराई महिला ने बिल का 49 हजार रुपये आनलाइन भुगतान कर दिया। बाद में उसे पता चला कि उसने जिस नंबर पर भुगतान किया है वह नंबर ऊर्जा निगम का नहीं है। मुकदमा दर्ज न होने पर पीडि़ता ने मामले की शिकायत एसपी से की थी। एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।