बहादुरगढ़ को ब्लॉक बनाने की घोषणा से ग्रामीण गदगद
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ को ब्लॉक का दर्जा देने की घोषणा से गदगद हुए क्षेत्रवासियों ने सीएम समेत क्षेत्रीय विधायक का आभार जताया। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। सामाजिक संगठन मानवाधिकार एवं भ्रष्टाचार निवारण संघ के तत्वाधान में बहादुरगढ़ को ब्लॉक का दर्जा दिलाने के लिए कई सालों से मुहिम चल रही है। इसे प्रदेश शासन से मंजूरी मिलने की घोषणा होने से क्षेत्र के लोग गदगद हैं। संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री पंकज लोदी के नेतृत्व में शुक्रवार को बहादुरगढ़ में सर्वसमाज के लोग एकत्र हुए, जिन्होंने ब्लॉक का दर्जा मिलने की घोषणा की खुशी में मिठाई बांटी। पंकज लोदी ने कहा कि गढ़ क्षेत्र से हटाकर बहादुरगढ़ को ब्लॉक का दर्जा दिए जाने से उपेक्षित गांवों के विकास को रफ्तार मिलने के साथ ही ग्रामीणों को समय और पैसे की बर्बादी से भी मुक्ति मिल जाएगी। जयवीर लोदी, उमेश लोदी, दुर्जन लोदी, बिजेंद्र लोदी, सुखपाल, हरिश्चंद्र, पन्नालाल, प्रमोद लोदी ने सीएम समेत क्षेत्रीय विधायक कमल मलिक का आभार जताया। उन्होंने पांच मार्च को बहादुरगढ़ के डिग्री कॉलेज में तीन मंत्रियों द्वारा की जाने वाली घोषणा के दौरान क्षेत्रीय लोगों से बड़ी तादाद में पहुंचने का आह्वान भी किया। ब्यूरो