हाईकोर्ट बेंच की मांग को प्रजापति महासभा ने समर्थन दिया
गढ़मुक्तेश्वर। राष्ट्रीय प्रजापति महासभा की बैठक सोमवार को तहसील रोड पर हुई, जिसमें मानवाधिकार एवं भ्रष्टाचार निवारण संघ के राष्ट्रीय महासचिव पंकज लोधी ने ब्रजघाट गंगानगरी में हाईकोर्ट बेंच स्थापित कराने को चलाए जा रहे आंदोलन की मजबूती के लिए समर्थन मांगा। राष्ट्रीय प्रजापति महासभा के प्रदेश सचिव डॉ. रमेश प्रजापति ने कहा कि करीब तीन दशकों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच स्थापित कराने की मांग की जा रही है। लेकिन केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा की जा रही जनहित अनदेखी के चलते आज तक कोई सकारात्मक परिणाम सामने न आना दुर्भाग्य का विषय है। महेश, आनंद, मुकेश, जिले सिंह, राकेश, अनिल, अंकित, रिंकू, अनुराग, रोहित, रविंद्र, बॉबी, गौरव, कपिल प्रजापति ने कहा कि राजनीतिक पार्टियां जब विपक्ष में होती हैं तो हाईकोर्ट बेंच की मांग को उपयुक्त और पूरी तरह वेस्टर्न यूपी की जनता के हित में होने का दावा बताकर इसका समर्थन करती हैं। लेकिन सत्ता में आने के बाद इस मांग को अनदेखा करने का खेल शुरू हो जाता है। इस दौरान हाईकोर्ट बेंच की मांग के समर्थन में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन मानवाधिकार एवं भ्रष्टाचार निवारण संघ के राष्ट्रीय महासचिव पंकज लोधी को सौंपा गया।