टंकी से निकल रहा दूषित पानी, लोगों में रोष
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ पालिका के वार्ड 21 में दूषित पेयजल की सप्लाई से लोगों में रोष है। वार्डवासियों ने एसडीएम को पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गढ़ पालिका क्षेत्र के वार्ड-21, रोडवेज बस स्टैंड के सामने स्थित कॉलोनी के लोगों ने मंगलवार को एसडीएम हनुमान प्रसाद मौर्य को शिकायती पत्र दिया। उनका कहना है कि करीब तीन महीने से उनके मोहल्ले में टंकियों से दुर्गंधयुक्त और दूषित पानी निकल रहा है। लोगों ने बताया कि पानी के पाइप नालियों से गुजरकर मोहल्ले में पहुंच रहे हैं। पाइपों में लीकेज होने के कारण नालियों का गंदा पानी पेयजल के साथ मिलकर उसे भी दूषित कर रहा है जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद पालिका प्रशासन की ओर से कोई सुनवाई नहीं की गई है। इससे लोगों में रोष पनप रहा है। लोगों ने पेयजल आपूर्ति सुचारु कराए जाने और दोषी अधिकारियों- कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर अजय शर्मा, मूलचंद सिंघल, विनोद कुमार शर्मा, जितेंद्र शर्मा, कृष्ण कुमार, इमरान, प्रमोद, पवन गुप्ता, कमलेश शर्मा, योगेश शर्मा मौजूद रहे। एसडीएम हनुमान प्रसाद मौर्य ने बताया कि पालिका प्रशासन को पेयजल आपूर्ति दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया है।