पत्नी की अस्थि विसर्जन को आए पति की हार्ट अटैक से मौत
गढ़मुक्तेश्वर। ब्रजघाट गंगा में पत्नी की अस्थि विसर्जित करने आए पति की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
हरियाणा प्रांत के जनपद रेवाड़ी के गांव कोसली निवासी डालचंद शनिवार को बेटे भूरेलाल और रघुवर के साथ अपनी दिवंगत पत्नी फूलोदेवी की अस्थि विसर्जित करने आया था। अस्थि विसर्जन करने के बाद डालचंद जैसे ही गंगा स्नान कर लौटा तो अचानक उसके सीने में दर्द होने लगा। बेटे रघुवर और भूरेलाल ने लोगों की मदद से आनन-फानन में पिता को नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों भाई बिना कोई कार्रवाई किए शव को अपने साथ लेकर चले गए। चौकी इंचार्ज केपी सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की कोई जानकारी नहीं है। ब्यूरो