बंद सीवर लाइन की बदबू से आर्यनगर वाले परेशान
हापुड़। नगर पालिका परिषद के अधिकारियों की लापरवाही के कारण आर्यनगर में माहेश्वरी मंदिर के पास सीवर लाइन लंबे समय से बंद है। इस वजह से इलाके में भयंकर बदबू के कारण नागरिकों का जीना दूभर हो गया है। आर्यनगर निवासी सुभाष चंद महेश ने बताया कि सीवर लाइन बंद होने के कारण मेन होल से गंदा पानी उफनता रहता है, जो वहां से बहकर नालियों में गिरता रहता है। इससे आसपास के इलाके में भयंकर दुर्गंध आ रही है। इस संबंध में नागरिकों ने कई बार नगर पालिका परिषद के अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि 20 जून को एक बार फिर नागरिकों ने नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत के नाम पत्र भेजकर उनका ध्यान इस ओर आकर्षित किया है। ताकि वह अपने अधीनस्थ अधिकारियों की एक टीम मौके पर भेजकर इस समस्या का समाधान करा सकें। पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में सुभाष चंद महेश, राम अवतार माहेश्वरी, संजय वर्मा, अमन पालीवाल,उत्तम चंद गोयल, सतीश चंद अग्रवाल, संजीव गोयल, रवींद्र सिंह, अतुल गर्ग, हरी शर्मा आदि हैं।