आबादी के बीच बने एफसीआई गोदाम को हटाने की मांग उठी
गढ़मुक्तेश्वर। गांव मौहम्मदपुर खुडलिया में आबादी के बीच बने एफसीआई के गोदाम को हटाने के लिए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।
सिंभावली ब्लॉक क्षेत्र में राशन में वितरित होने वाले अनाज के लिए गांव मौहम्मदपुर खुडलिया में भारतीय खाद्य निगम का एक गोदाम आबादी के बीच गंगा विहार कॉलोनी के निकट बना हुआ है। मंगलवार को ग्रामीणों ने गोदाम के निकट विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि आबादी के बीच बने गोदाम के रास्ते की चौड़ाई बहुत कम है। जिसके चलते राशन का सामान लेकर आने वाले ट्रक समेत अन्य वाहन गोदाम तक नहीं पहुंच पाते। जिसके चलते रास्ते पर ही वाहनों को खड़ा कर लोडिंग और अनलोडिंग का काम करना पड़ता है। रास्ते में बड़े वाहन खड़े होने से रास्ता अवरुद्ध हो जाता है, जिससे राहगीरों समेत स्कूली बच्चों आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए पहले भी ग्राम प्रधान सुधा सिंह ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर गोदाम को अन्य स्थान पर ले जाने की मांग की थी, लेकिन अभी तक भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने गोदाम को अन्य जगह स्थानांतरित करने की गुहार लगाई है। लोगों को परेशानी से निजात मिल सके। प्रदर्शन करने वालों में श्रीपाल सिंह, मनोज कुमार, अर्जुन, राजेंद्र, सतेंद्र सिंह, विनोद कुमार, नरेंद्र, सोनू, माजिद, जुगेंद्री समेत दर्जनों लोग शामिल रहे। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर दीक्षित त्यागी ने लोगों को समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देते हुए शांत कराया। इस संबंध में डीएसओ राजेश कुमार का कहना है कि गोदाम के लिए स्थान की तलाश की जा रही है। स्थान मिलते ही गोदाम को शिफ्ट करा दिया जाएगा।