पड़ोसी पर पत्नी को ले जाने का आरोप लगाया
गढ़मुक्तेश्वर। युवक ने पड़ोसी और उसके भाई पर पत्नी को बहका-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी को पत्र भेजकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गढ़ क्षेत्र के गांव रसूलाबाद नानपुर निवासी मोनू ने एसपी डॉ. यशवीर सिंह को शिकायती पत्र भेजा है, जिसका कहना है कि उसने वर्ष 2014 में सामूहिक विवाह योजना के तहत मेरठ निवासी एक युवती से शादी की थी। वर्तमान में वह एक बच्चे का पिता है, जबकि उसकी एक बेटी की मृत्यु भी हो चुकी है। मोनू का कहना है कि बुधवार को वह मजदूरी करने के लिए गया हुआ था। देर रात करीब तीन बजे जब वह घर पहुंचा तो पत्नी उसे घर पर नहीं मिली, जिसकी तलाश करने पर पता चला कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक और उसका ममेरा भाई उसकी पत्नी को बहका-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं। इतना ही नहीं उसकी पत्नी घर में रखे हुए हजारों रुपये कीमत के जेवरात समेत तीन हजार रुपये की नकदी भी अपने साथ ले गई है। युवक ने एसपी को भेजे गए पत्र में पत्नी की सकुशल बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
इंस्पेक्टर आरके राठी ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।