ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल हुई राख
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव चांदनेर के जंगल में रखे बिजली ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने से निकली चिंगारी पास में स्थित रिटायर्ड अध्यापक अर्जुन सिंह चौहान के खेत में जा गिरी, जिससे खेत में कटाई के लिए तैयार खड़ी गेहूं की पांच बीघा फसल कुछ ही देर में जलकर राख हो गई। धुएं का गुबार और आग की लपटें उठती देख आसपास के खेतों में गन्ना और गेहूं की कटाई कर रहे दर्जनों किसान आनन फानन में मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कवायद में जुट गए, लेकिन तेज हवा चलने और चिलचिलाती धूप होने से उन्हें खेत के आसपास खड़ा रह पाना भी मुमकिन नहीं हो पाया। हालांकि इसके बाद भी किसानों ने हिम्मत दिखाते हुए अर्जुन सिंह चौहान के खेत से सटे दूसरे खेतों में डोल के आसपास ट्रैक्टर से जुताई कर आग को वहां पहुंचने से रोक दिया, अन्यथा सैकड़ों बीघा जंगल में कटाई के लिए तैयार खड़ी गेहूं की फसल आग की चपेट में आकर खाक हो सकती थी। पीड़ित किसानों बिजली ट्रांसफार्मर की चिंगारी से राख हुई गेहूं की फसल का मुआवजा दिलाने के साथ ही अनहोनी को न्यौता दे रहे जर्जर तारों को बदलवाने की गुहार लगाई है। एक्ससीएन तरुण पाठक का कहना है कि जर्जर हो चुके तारों को बदलवाने का अभियान चलाया जा रहा है, इसलिए चांदनेर की लाइन भी बदलवाई जाएगी।