संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़मुक्तेश्वर। गांव डहरा रामपुर के एक युवक से साइबर ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर ओटीपी लिया और खाते से 11 हजार रुपये निकाल लिए। पीडि़त ने ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव डहरा रामपुर निवासी अंकित शर्मा ने ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उल्लेख किया है कि रविवार को उसके मोबाइल फोन पर ए कॉल आई, जिसमें फोन पर बात करने वाले ने खुद को बैंक में अधिकारी बताया और खाते की केवाईसी कराने के लिए उससे बैंक की जानकारी ले ली। जिसके बाद पीड़ित पर ओटीपी भेज दिया, पीडि़त द्वारा ओटीपी साझा करते ही उसके खाते से 11 हजार 500 रुपये निकल गए। पीडि़त के मोबाइल पर खाते से पैसे निकलने का संदेश आया तो उसके होश उड़ गए। जिसके बाद पीडि़त ने वापस उस नंबर पर कॉल की तो फोन बंद जाने लगा। पीडि़त ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष सुमित तोमर का कहना है कि साइबर सेल द्वारा संबंधित मामले में जांच होगी, जल्द ही युवक रकम वापस दिलाने का प्रयास किया जाएगा।