सड़क हादसों में महिला समेत पांच घायल हुए
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़-सिंभावली में हुए सड़क हादसों में महिला समेत पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से एक युवक को चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया है।
दिल्ली शाहदरा निवासी राकेश शनिवार को अपनी पत्नी सुनीता और बेटे विवेक के साथ कार से मुरादाबाद जा रहा था। नेशनल हाईवे पर गांव सिखैड़ा के निकट पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को साइड मार दी। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े खंभे से टकरा गई। घटना में कार सवार राकेश, सुनीता और विवेक घायल हो गए। वहीं मेरठ निवासी शाहबाज और शादाब बाइक से गजरौला के लिए चले थे। वहीं गढ़-मेरठ रोड पर गांव दौताई के पास अचानक सामने आए बच्चे को बचाने के चक्कर में शाहबाज बाइक से नियंत्रण खो बैठा और बाइक फिसल गई। इसमें दोनों युवक घायल हो गए। सभी घायलों को अलग-अलग नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। जहां से चिकित्सकों ने शाहबाज को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया है।