कुरारा। क्षेत्र के कुसमरा गांव में शुक्रवार देर रात 24 वर्षीय युवक ने कच्चे मकान की कड़ी में रस्सी का फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खपरैल तोड़कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाक्षेत्र के कुसमरा गांव निवासी दीपक यादव (24) पुत्र स्व. स्वामीदीन नेे शुक्रवार देर रात अपने कच्चे मकान के कमरे में लगी कड़ी में रस्सी का फंदा डालकर जान दे दी। सुबह दरवाजा न खोलने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो वह फंदे में लटक रहा था। जिसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। दीपक की मां शांति ने बताया कि उसके पुत्र को गांव के कुछ लोग हमीरपुर ले गए। जहां शराब पिलाकर जमीन अपने नाम करा ली थी। जिसको लेकर 15 दिनों से वह अवसाद में रहता था। परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली है। बताया कि तीन भाई थे। दीपक अविवाहित था। बताया कि एक भाई की मौत पहले ही हो चुकी है। जबकि दूसरा दिव्यांग है। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामले की जांच कराकर कार्यवाही की जाएगी।