राठ। प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत होने पर परिजनों ने डॉक्टर पर गलत इलाज का आरोप लगाया है। पैर में ईंट गिरने से महिला घायल हुईं थीं। पति ने डॉक्टर के खिलाफ मुस्करा थाने में तहरीर दी है।
महोबा जिले के खन्ना थाने के ग्योड़ी गांव निवासी कल्लू विश्वकर्मा ने बताया एक माह पहले पत्नी विनीता (35) के पैर पर ईंट गिर गई थी। जिससे पैर जख्मी हो गया। उन्होंने गहरौली गांव में एक प्राइवेट डॉक्टर के यहां इलाज कराया। डॉक्टर ने दोबारा इलाज के लिए बुलाया था। बताया शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे पत्नी को लेकर डॉक्टर के पास गए। जहां डॉक्टर द्वारा नस में इंजेक्शन लगाने के बाद विनीता की हालत बिगड़ने लगी। उन्होंने रेफर करने की बात कही पर डॉक्टर सामान्य हालत कहते हुए टालता रहा। कुछ देर में ही विनीता की मौत हो गई।
आरोप लगाया डॉक्टर ने गलत इंजेक्शन लगाया। जिससे उनकी पत्नी की मौत हुई है। कल्लू ने बताया परिवार सहित प्रयागराज के ईंट भट्टों पर मजदूरी करते हैं। महिला की मौत पर पुत्री स्वेता (15) व पुत्र सौरभ (8) का रो रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।