नागरिक अस्पताल भोरंज में पानी न आने से परेशान मरीज और तीमारदार।
- फोटो : Hamirpur-HP
भोरंज (हमीरपुर)। सिविल अस्पताल भोरंज में पिछले दो दिन से सुबह के समय पेयजल की आपूर्ति न होने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में 20 के करीब मरीज उपचाराधीन हैं। मरीजों, तीमारदारों को सुबह के समय पानी की जरूरत होती है, लेकिन इन्हें दो दिनों से पानी नहीं मिल पा रहा। जिस कारण मरीजों व तीमारदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों में राजेश कुमार, विनोद, राकेश, सुनील आदि ने कहा कि सुबह मुंह धोने को भी पानी नहीं मिल रहा और बाहर से पानी लाना पड़ रहा है। बीते सप्ताह भी अस्पताल में पानी की आपूर्ति बाधित रही थी। अब शनिवार और रविवार को भी पेयजल आपूर्ति बाधित रहने से मरीजों का मर्ज बढ़ गया। सोमवार सुबह करीब 10 बजे पानी आया। जब पानी आया तब तक अधिकतर लोगों ने बाहर से ही पानी खरीद लिया था। उन्होंने मांग की है कि सुबह के समय अस्पताल में पानी की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर की जाए ताकि मरीजों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बीएमओ भोरंज डॉ. ललित कालिया ने कहा कि सुबह के समय पानी न होने के चलते मरीजों को काफी दिक्कते आती हैं। इसके बारे में संबंधित विभाग को अवगत करवाया गया है। उधर, जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि कई बार प्रोजेक्ट में बिजली के कट की वजह से दिक्कत आ जाती है। जिस वजह से अस्पताल में पेयजल आपूर्ति बाधित हो जाती है।