बिवांर (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के मवईजार गांव में बकरियां चराने गए एक ही परिवार के दो लोगों की बिजली गिरने से मौत हो गई।
गांव निवासी चरवाहा बदलू (50) व अनीस उर्फ पप्पू (38) शुक्रवार तीन बजे गांव के शादीपुर मौजा में अपने नलकूप के पास बकरियां चराने गए थे। अचानक तेज बारिश के साथ गिरी बिजली से दोनों की मौके पर मौत हो गई और एक बकरी भी झुलस गई। परिजन उन्हें सीएचसी छानी लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
अनीस उर्फ पप्पू के पिता कैलाश ने बताया कि उसका इकलौता पुत्र था, जो अपने पीछे दो पुत्र व दो पुत्रियां छोड़ गया है। वहीं बदलू के भी चार बच्चे हैं। बताया गया दोनों चाचा भतीजे हैं, और दोनों परिवारों की जीविका का मुख्य साधन कृषि और मजदूरी है।
सूचना पर मौके पर पहुंचे सदर विधायक डा. मनोज प्रजापति व सदर एसडीएम रविन्द्र सिंह ने परिजनों को ढांढस बंधाया और उनकी पूरी मदद करने का आश्वासन दिया है। वहीं एसडीएम ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
गांव निवासी सुनील अपनी बाइक में पप्पू को लेकर जा रहा था। कल्ला गांव के पास सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे सुनील भी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका इलाज सीएचसी में चल रहा है।
बिजली गिरने से चरवाहा झुलसा
कुरारा। क्षेत्र के भौली गांव निवासी अंकित (22) अपने मवेशी लेकर चराने के लिए खेतों में गया था। शाम को घर आ रहा था कि तभी खेत की मेड़ पर बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे सीएससी में भर्ती कराया है। जहां उसका उपचार हो रहा है। (संवाद)