संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। भरुआ सुमेरपुर में ट्रामा सेंटर बनाया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर सीएमओ ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है।
कानपुर-सागर हाईवे पर मुख्यालय हमीरपुर से लेकर मौदहा तक सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं होती हैं। आए दिन लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। इसे फोरलेन करने व इस पर डिवाइडर बनाने की मांग चल रही है। अब ट्रामा सेंटर बनाने का फैसला लिया है। सीएमओ ने अधीक्षण अभियंता स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय को भेजे पत्र में बताया है कि दो एकड़ भूमि में बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरुआ सुमेरपुर में 1500 वर्ग मीटर भूमि समतल उपलब्ध है। यहां बांदा में 75 किलोमीटर और कानपुर में 85 किलोमीटर दूर ट्रामा सेंटर है। जनहित में ट्रामा सेंटर के लिए स्वीकृति प्रदान करें।
सीएमएस डॉ. राम अवतार ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर में ट्रामा सेंटर के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। शासन को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है।