राठ। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जिले के शिक्षा, व्यापार, रोजगार, कृषि क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
फोरलेन एक्सप्रेसवे राठ क्षेत्र के सात, मौदहा के 10 व सरीला के 12 गांवों से होकर गुजरा है। जखेड़ी में ओवरब्रिज व क्रासिंग राठ क्षेत्र का मुख्य केंद्र रहेगा यहां से एक्सप्रेसवे में लोग प्रवेश कर सकेंगे। अति पिछड़े क्षेत्र में यह एक्सप्रेसवे न सिर्फ यातायात सुलभ करेगा बल्कि विकास में सहायक होगा। व्यापार में वृद्धि होगी, शिक्षा के लिए बड़े शहरों में जाना आसान होगा। बड़ी मंडियां मिलने से कृषि क्षेत्र का विकास होगा व किसानों की आय में वृद्धि होगी। रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। लंबी दूरी का सफर सुलभ, सुरक्षित व आरामदायक होगा। राष्ट्रीय राजधानी की दूरी मात्र छह घंटे की रह गई। पर्यटन व औद्योगिक आय में वृद्धि होने की संभावना बनी है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष केजी अग्रवाल कहते हैं एक्सप्रेसवे से व्यापारी, किसान, छात्र सहित सभी वर्गों को लाभ मिलेगा। रेडीमेड कपड़ा व्यापार में इससे क्रांति आएगी। कानपुर की जगह दिल्ली व्यापार की मंडी बनेगी। एक्सप्रेसवे अति पिछड़े क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण साबित होगा।
--------------------------
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल कोर कमेटी के जिलाध्यक्ष रविंद्र गुप्ता कहते हैं अभी व्यापारी माल के लिए कानपुर पर निर्भर था। कानपुर में भी दिल्ली से माल आता है। अब दिल्ली का सफर आसान होने से व्यापारी सीधे दिल्ली से माल लाएगा। जिसका लाभ व्यापारी व ग्राहक दोनों को होगा।
----------------------------
ट्रांसपोर्टर अमरजीत सिंह अरोरा कहते हैं बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे ने दिल्ली की दूरी कम की है। कानपुर की जगह सीधे दिल्ली से ट्रांसपोर्ट का काम शुरू हो जाएगा। अभी दिल्ली से कानपुर और कानपुर से राठ माल आने में भाड़ा अधिक लगता था। अब धन व समय दोनों की बचत होगी।