गहरौली में बारिश से गिरे मकान का मलबा हटाता गृहस्वामी।
- फोटो : अमर उजाला
गहरौली (हमीरपुर)। ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश से आधा दर्जन कच्चे मकान ढह गए। बारिश की वजह से लोगों को उमस से राहत मिली। हालांकि खरीफ की फसल बोने की तैयारी में जुटे किसानों को निराशा हुई है। शुक्रवार को दोपहर करीब दो बजे अचानक मौसम ने करवट ली और काले घने बादल छा गए। इसके बाद एक घंटे मूसलाधार बारिश हुई। किसान अनिल कुमार, आनंद कुमार, अमित राजपूत, विजय, सत्यप्रकाश आदि का कहना है कि अब खरीफ की फसल की बुआई नहीं हो पाएगी। शुक्रवार को हुई मूसलाधार वर्षा से कुटी मैदान व कन्या जूनियर हाईस्कूल के पास के सड़क में एक फीट पानी बह रहा है। दूसरी तरफ मानसिंह यादव का मकान, राजेंद्र पांडेय का मकान सहित चार अन्य लोगों के मकान जलभराव के कारण ढह गए। उधर भरुआ सुमेरपुर में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी व उमस से जूझ रहे लोगों को शाम को हुई झमाझम बारिश से राहत महसूस हुई है। बारिश से मौसम खुशगवार हो गया। पिछले कई दिनों से बारिश न होने से गर्मी व उमस बढ़ रही थी।