हमीरपुर। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट कक्षाओं के यूपी बोर्ड के अंक पत्रों में त्रुटियां दूर कराने को लगाए गए दो दिवसीय शिविर में पहले दिन तीन मामलों का निस्तारण किया गया। समस्याओं की सुनवाई को आए बोर्ड के दो सदस्यों ने पूर्व में किए गए आवेदनों पर ही विचार किया। वहीं बिना आवेदन समस्या लेकर आए आधा सैकड़ा छात्रों को निराश लौटना पड़ा।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने 26 व 27 जून को मुख्यालय के राजकीय इंटर कॉलेज में शिविर लगाने के निर्देश दिए थे। बोर्ड से आई टीम में शामिल प्रशासनिक अधिकारी कमलेश कुमार व शशिकांत पटेल ने उन्हें आवेदन करने की सलाह दे वापस कर दिया। उन्होंने बताया कि पूर्व में जिले से किए गए आवेदनों का डाटा उनके पास है। जिनके कागजात न पहुंचने के कारण उनके काम लंबित है। बताया कि उनके यहां हाईस्कूल के 60 व इंटर के 18 आवेदन किए गए है। जिनमें आज तीन मामलों का निस्तारण किया गया है। बताया कि जिनके अंकपत्र में त्रुटियां है और उन्होंने उसे ठीक कराने को अब तक आवेदन नहीं किया वह पहले आवेदन कर अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य व जिला विद्यालय निरीक्षक से उसे अग्रसारित करा डाक से भेजे। जिसके बाद उनके अंक पत्र ठीक किए जाएंगे।
-
नहीं हुआ काम मिली निराशा
- राठ क्षेत्र के औंता गांव से आए मनीष कुमार ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2016 में हाईस्कूल परीक्षा पास की थी। जिसके अंक पत्र में पिता का नाम गलत है। जिसे ठीक कराने वह आए थे। लेकिन उनसे आवेदन करने की बात कह कोई सुनवाई नहीं की गई।
- कुरारा के चकोठी गांव से आई नीतू सिंह ने बताया कि उनकी बहन संध्या के अंकपत्र में पिता का नाम गलत है। जिसे ठीक कराना था। शिविर की जानकारी होने पर वह ठीक कराने आई। लेकिन उसका कोई काम नहीं हो पाया। ठीक कराने के लिए मूल अंकपत्र आवेदन के साथ डाक से भेजने को कहा गया है।
सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अंक पत्र की त्रुटि ठीक कराने को प्रपत्र भरवा अग्रसारित कर उनके कार्यालय भेजने को कहा है। जिन्हें यहां से अग्रसारित कर डाक से बोर्ड भेज ठीक कराया जाएगा। - केके ओझा, डीआईओएस।