हमीरपुर/कुरारा। कुरारा थानाक्षेत्र में बीते मंगलवार बाइक सवार को लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूटी गई बाइक, मोबाइल व 1000 रुपये बरामद हुए है। सभी आरोपियों को जेल भेजा गया है।
एएसपी मायाराम वर्मा ने बताया कि 12 सितंबर को कुरारा थानाक्षेत्र में क्षेत्र के पड़ुई गांव निवासी अजय पुत्र रघुबीर निषाद से तीन लुटेरे मारपीट कर बाइक, मोबाइल व 1000 रुपये लूट ले गए। पीड़ित ने थाना कुरारा में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कराया था। गुरुवार को कुरारा पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को पतारा तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।
आरोपी कुरारा कस्बा के वार्ड नंबर नौ निवासी शिवम अहिरवार, आकाश अहिरवार व कस्बे के नौटंकी मोहाल निवासी शिवचरन अहिरवार के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय भेजा जा रहा है। गिरफ्तार करने वाली टीम में कुरारा इंस्पेक्टर श्रीप्रकाश यादव, दारोगा, दीपक कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, मनोज गुप्ता व आकाश पटेल शामिल रहे।