भरुआ सुमेरपुर। नवीन गल्ला मंडी में पल्लेदार पिता को खाना देकर पैदल लौट रहे युवक को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
कस्बे के विंध्यवासिनी मार्ग के निवासी रामखिलावन नवीन गल्ला मंडी में पल्लेदारी का कार्य करता है। इनका छोटा पुत्र सुमित उर्फ छुटकू (20) बुधवार को दोपहर में खाना देकर मंडी से पैदल घर जा रहा था। डाक बंगले के सामने कबरई जा रहे डंपर ने कुचल दिया। युवक की मौके पर मौत हो गई। चालक मौके पर वाहन छोड़कर भाग निकला। परिजनों ने बताया कि युवक अविवाहित था। वह भी मेहनत मजदूरी करता था। इस घटना के बाद हाईवे में लंबा जाम लग गया। जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सामान्य कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था।